आत्मा और शरीर में क्या फर्क है?
18-Aug-2018 09:02 AM 1235568
आत्मा और शरीर के बीच का अंतर सदियों से चर्चा का विषय रहा है। आत्मा और शरीर का संबंध किस प्रकार का है और आत्मा को किन परिस्थितियों में शरीर का परित्याग करना पड़ता है, इस बारे में सनातन धर्म के शास्त्रों ने इसकी व्याख्या की है। आत्मा एक सूक्ष्म और चैतन्य सत्ता है जो आंखों से नहीं दिखती। इसे अनुभव किया जा सकता है। जबकि शरीर अस्थि-मांस और हड्डियों का ढांचा मात्र है। आत्मा का कभी नाश नहीं होता है जबकि शरीर एक नाशवान सत्ता है। इस बात को समझने की जरूरत है कि शरीर में जीवन सिर्फ आत्मा से आता है। बगैर आत्मा के शरीर कुछ भी नहीं है। जब एक व्यक्ति की मृत्यु होती है तब शरीर से आत्मा निकल जाती है। शरीर से सूक्ष्म सत्ता यानी आत्मा का निकलना ही मृत्यु कहलाता है। आत्मा शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग है, आत्मा के बिना शरीर महत्वहीन है। लेकिन फिर भी लोग आत्मा की चिन्ता नहीं करके जीवन की शारीरिक आवश्यकताओं को अधिक महत्व देते हैं। आत्मा को समझने के लिए श्रीमदभगवदगीता में इस श्लोक से बेहतर कुछ भी नहीं है। नैनं छिन्दन्ति शस्त्राणि नैनं दहति पावक:। न चैनं क्लेदयन्त्यापो न शोषयति मारुत:॥ यानी आत्मा एक चैत्नय सत्ता है जिसे काटना, जलाना, गलाना या फिर सुखाना मुमकिन नहीं है। इस श्लोक का भावार्थ यही है कि आत्मा को शस्त्र नहीं काट सकते, इसको आग नहीं जला सकती, इसको जल नहीं गला सकता और वायु यानी पवन नहीं सुखा सकती। यानी आत्मा अजर-अमर है। सनातन धर्म में शास्त्र यह कहते है कि आत्मा एक शरीर को धारण करती है। फिर जन्म और मृत्यु का चक्र अनवरत चलता रहता है। गीता के मुताबिक आत्मा 84 लाख योनियों में भ्रमण करती है। एक शरीर की मृत्यु अवश्यंभावी है और जब शरीर की मृत्यु होती है तब आत्मा उस शरीर से निकलकर दूसरा शरीर धारण करती है। इस प्रकार आत्मा का यह जीवन चक्र उस समय तक चलता रहता है जब तक कि वह मुक्त नहीं हो जाती या आनी उसे मोक्ष नहीं मिलता। मोक्ष यानी सदगति वह अवस्था है जब आत्मा जन्म-मरण के चक्र से मुक्त हो जाती है और उसे शरीर धारण करने से मुक्ति मिल जाती है। जनमत मरत दुसह दु:ख होई। एहि स्वल्पउ नहिं ब्यापिहि सोई। कवनेउँ जन्म मिटिहि नहिं ग्याना। सुनहि सूद्र मम बचन प्रवाना। गोस्वामी तुलसीदास की ये पंक्तियां बताती है कि व्यक्ति को जन्म और मृत्यु के दौरान काफी दुख और कष्ट का अनुभव होता है। इसको वह दु:ख जरा भी न व्यापेगा और किसी भी जन्म में इसका ज्ञान नहीं मिटेगा। मत्यु के बाद जन्म और जन्म के बाद मृत्यु, यह दुनिया का एक अटल सत्य है। इस तथ्य से इंकार नहीं किया जा सकता है कि जो पुनर्जन्म की बात पर भरोसा नहीं करते उनके लिए यह बात माननी मुश्किल है कि वाकई आत्मा अमर है और शरीर छोडऩे के बाद वह नया शरीर धारण करती है। मृत्यु शरीर की होती है और आत्मा चैतन्य है, अजर अमर है। -ओम
FIRST NAME LAST NAME MOBILE with Country Code EMAIL
SUBJECT/QUESTION/MESSAGE
© 2025 - All Rights Reserved - Akshnews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^